रायगढ़ में उड़ीसा से गांजा ला रहे दो तस्करी गिरोहों का भंडाफोड़, 61 किलो गांजा और 46 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ में दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोहों का भंडाफोड़, 61 किलो गांजा व 46 लाख की संपत्ति जब्त



रायगढ़, 14 मई 2025 – रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में कुल 61 किलो गांजा, तीन कार, सात मोबाइल (जिसमें एक आईफोन), एक हाथ घड़ी और 1.80 लाख रुपये नकद सहित कुल 46 लाख 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों गैंग से जुड़े दो आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को सीमावर्ती ओडिशा के बौध जिले से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर उन्होंने लैलूंगा पुलिस व साइबर सेल को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएसपी अनिल विश्वकर्मा और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में टीम ने 13 मई को पाकरगांव जंगल मार्ग में रेड डाली। इस दौरान दो कारों में गांजा ला रहे चार तस्करों में से एक आरोपी पुरेन्द्र यादव (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।

पूछताछ में पुरेन्द्र यादव ने बताया कि वह अपने साथियों – रितेश यादव, युगल यादव और यदुमणि यादव – के साथ उड़ीसा से गांजा लाया था। तस्करी में प्रयुक्त गाड़ियों में से एक ग्लेंजा (CG-14–MO-8202) और दूसरी स्वीफ्ट (CG-10-AT-6949) है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। इनके खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 128/2025, धारा 20B व 29 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।


इसके अतिरिक्त, इसी कड़ी में पुलिस ने दिनेश यादव (20 वर्ष) निवासी सिहारधार, थाना लैलूंगा को भी गिरफ्तार किया, जो पहले भी तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। दिनेश ने खुलासा किया कि वह 1 मार्च को केशव यादव और नत्थू यादव के साथ मिलकर उड़ीसा से 60 किलो गांजा लाया था, जिसमें से 17 किलो उसने अपने पास रखा और बाकी गिरधारी यादव व नत्थू को बेचने के लिए दिया। 8 मार्च को केशव व नत्थू को 22 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था।

दिनेश से पुलिस ने 1.80 लाख रुपये नकद, एक वेन्यू कार (OD-15-R-4047), छह मोबाइल (एक आईफोन सहित) और एक हाथ घड़ी बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी इगेश्वर यादव समेत साइबर सेल और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी:

1. पुरेन्द्र यादव, पिता पिताम्बर यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी हरदीझरिया, थाना बागबहार, जिला जशपुर (Cr.No. 128/2025, धारा 20B, 29 NDPS Act)

2. दिनेश यादव, पिता त्रिलोचन यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिहारधार, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ (Cr.No. 58/2025, धारा 20B, 29 NDPS Act)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *