रेलवे इंस्पेक्टर विनीता साहनी आत्महत्या मामला: एक साल बाद आरोपी पति गिरफ्तार, अवैध संबंध और मारपीट बनी वजह

बिलासपुर। रेलवे में कार्यरत कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी की आत्महत्या मामले में एक साल बाद बड़ा खुलासा हुआ है। लंबे समय तक चली जांच के बाद बिलासपुर पुलिस ने मृतका के पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पति का एक महिला से अवैध संबंध था और वह विनीता के साथ लगातार मारपीट करता था। मानसिक प्रताड़ना के चलते विनीता ने 6 अप्रैल 2024 को आत्महत्या कर ली थी।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली 37 वर्षीय विनीता बिलासपुर रेलवे मंडल में कमर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थीं। वह बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुकी थीं और खेल कोटे से रेलवे में चयनित हुई थीं। वर्ष 2014 में उन्होंने ओब्रे हेल से प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही दांपत्य जीवन में दरार आने लगी।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन विनीता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उस समय पति घर पर मौजूद नहीं था और उनकी 8 वर्षीय बेटी दूसरे कमरे में थी। शुरुआती जांच में पति ने विनीता की आत्महत्या का कारण विभागीय दबाव और छुट्टियों की कमी बताया था, लेकिन विनीता के मोबाइल और कॉल डिटेल्स की गहन जांच से असली वजह सामने आई।


विनीता के परिवार ने पहले दिन से ही इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया था। उनकी बहन रिंकी और माता-पिता ने पति पर प्रताड़ना, अवैध संबंध और शारीरिक हिंसा के गंभीर आरोप लगाए थे। शव परीक्षण में विनीता के शरीर पर चोटों के कई निशान भी मिले थे।
अब एक साल बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। विनीता को न्याय दिलाने के लिए उनके परिजनों और महिला संगठनों ने लगातार संघर्ष किया, जिसका नतीजा अब सामने आया है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
