रायपुर में देहव्यापार का भंडाफोड़: महिला दलाल सहित तीन युवतियां गिरफ्तार

रायपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला दलाल सहित तीन युवतियां गिरफ्तार



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देहव्यापार के धंधे का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को भाठागांव इलाके के इटालिया हाउस में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला दलाल सहित तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामान और नगद राशि भी जब्त की गई है।

पुलिस को 31 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इटालिया हाउस स्थित एक किराए के मकान में देहव्यापार का गोरखधंधा चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने योजना बनाकर कार्रवाई की।

गिरफ्तारी की योजना के तहत एक पुलिस पॉइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। पॉइंटर की मुलाकात महिला दलाल उषा खरें से हुई, जिसने तीन युवतियों की तस्वीरें दिखाईं और 1500 रुपये में सौदा तय किया। तय सौदे के बाद पॉइंटर ने पुलिस को संकेत दिया और टीम ने तुरंत छापेमारी की।


पुलिस को देख वहां मौजूद युवतियां भागने की कोशिश करने लगीं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में युवतियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि महिला दलाल उषा खरें ने उन्हें नौकरी का झांसा देकर रायपुर बुलाया और जबरन देह व्यापार में धकेल दिया।

पुलिस ने मौके से 1500 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। मामले में आरोपियों डेविड और उषा खरें के खिलाफ अपराध क्रमांक 224/2025 के तहत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी उषा खरें को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *