“साइकिल पर आया शातिर, मासूम को ले गया… लेकिन पुलिस ने पलट दिया खेल!”

मनेंद्रगढ़: अपहृत बच्ची सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज ने निभाई अहम भूमिका, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता



मनेंद्रगढ़। जिले के चैनपुर इलाके में एक मासूम बच्ची के अपहरण की वारदात को पुलिस ने तत्परता से सुलझा लिया है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

घटना रविवार की है जब बच्ची रोज़ की तरह अपने घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान घर के अन्य सदस्य आसपास मौजूद नहीं थे। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी साइकिल से आया और बच्ची को किसी लालच में फंसाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्ची के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने सिटी कोतवाली थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके की नाकेबंदी की और जांच शुरू की। पड़ोसियों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक फुटेज सामने आया, जिसमें आरोपी बच्ची को साइकिल पर ले जाता दिखाई दिया। यही फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।

सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मनेंद्रगढ़ से सटे लालपुर क्षेत्र में दबिश दी और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *