पुलिस विभाग में बड़ा घोटाला: प्रधान आरक्षक पर फर्जी नियुक्ति के गंभीर आरोप, लाखों की ठगी का मामला उजागर

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से पुलिस विभाग की साख को झकझोर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रधान आरक्षक बहादुर सिंह मरावी पर नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों से पांच-पांच लाख रुपये वसूलने और उन्हें फर्जी नियुक्ति आदेश थमाने का गंभीर आरोप लगा है।

जानकारी के मुताबिक, बहादुर सिंह ने एक मुखबिर को पुलिस विभाग में आरक्षक नियुक्त करवाने का भरोसा दिलाया और उसके जरिए अन्य लोगों को भी फंसा लिया। आरोप है कि उसने तीन युवाओं से लाखों रुपये लेकर उन्हें फर्जी आदेश पत्र थमा दिए, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
पीड़ितों ने इस धोखाधड़ी की शिकायत सिटी कोतवाली कवर्धा में दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई प्रधान आरक्षक को दी, लेकिन बदले में उन्हें झूठे वादे और धोखे के अलावा कुछ नहीं मिला। अब वे न्याय की मांग कर रहे हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, आम नागरिकों में भी इस घोटाले को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच में और क्या-क्या खुलासे सामने आते हैं।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
