दुर्ग में तूफानी बारिश का कहर: वर्टिकल गार्डन गिरा, कई गाड़ियां दबी

दुर्ग में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, वर्टिकल गार्डन गिरा, कई वाहन दबे

दुर्ग/छत्तीसगढ़। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी रायपुर, दुर्ग और भिलाई समेत अन्य इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हो गया।
दुर्ग जिले में तेज आंधी और बारिश के चलते कई पेड़ गिर गए। कोहका से सूर्या मॉल रोड में दुर्ग नगर निगम द्वारा तैयार किया गया वर्टिकल गार्डन आंधी की वजह से उखड़कर पुलिया पर गिर पड़ा। लोहे का बना पूरा फ्रेम पुलिया से गुजर रही कारों पर जा गिरा, जिससे वहां चार कारें दब गईं। कारों में सवार लोग अंदर ही फंसे रह गए और काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाए।
स्थानीय लोगों की मदद से कारों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। सड़क से पेड़ों और स्ट्रीट लाइट के पोलों को हटाया गया। वर्टिकल गार्डन के लोहे के ढांचे को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सुबह से तेज धूप के बाद शाम चार बजे मौसम ने करवट बदली और पांच बजे के करीब बारिश और आंधी का दौर शुरू हुआ। भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जिससे जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं कई जगहों पर यातायात बाधित हो गया और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *