रायपुर में 60 लाख की डकैती का खुलासा, पीड़ित का करीबी ही निकला मास्टरमाइंड
रायपुर। राजधानी रायपुर में 60 लाख की बड़ी डकैती मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित का ही करीबी निकला। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 59 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।

आईजी अमरेंद्र मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस टीम ने 36 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि डकैती का मकसद पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद था। इस वारदात की योजना पीड़ित की बहन और एक रिटायर्ड सूबेदार ने मिलकर बनाई थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए नागपुर, बिलासपुर, नांदगांव और दुर्ग से अपराधियों को बुलाया गया था। 2 आरोपी नागपुर से, जबकि एक-एक आरोपी बिलासपुर, नांदगांव और दुर्ग से शामिल थे। इसके अलावा 5 अन्य आरोपी योजना का हिस्सा थे, जिन्होंने रैकी की और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी। डकैती के महज 5-6 घंटे बाद ही पैसों का बंटवारा कर लिया गया था।

वारदात के बाद आरोपी भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस को अहम सुराग मिले और तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस सफलता के लिए पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज ने इस केस से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु ₹30,000 का नगद इनाम देने की घोषणा की है।
इस बड़े खुलासे के बाद रायपुर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। अपराधियों की इस साजिश को 36 घंटे के भीतर उजागर कर पुलिस ने यह साबित कर दिया कि कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.

