सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता, झपटमारी और जेवर चोरी के आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख के गहने बरामद

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस को हाल ही में हुई झपटमारी और चोरी के दो मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झपटमारी के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही, आरोपी से पूछताछ के आधार पर करीब 2 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सुनार समेत तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चांटीडीह निवासी राममूर्ति साहू ने 30 मई 2025 को एक झपटमारी की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 11:45 बजे वह शनिचरी शराब भट्ठी के पास मोबाईल पर बात कर रहा था, तभी दो युवकों ने उसका मोबाईल और गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना शुरू की और एक आरोपी मनीष गंधर्व उर्फ दादू को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। फरार आरोपी अंकित साहू की तलाश के दौरान सूचना मिली कि वह शनिचरी रपटा इलाके में जेवर बेचने की फिराक में घूम रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा।


पूछताछ में अंकित साहू ने न केवल झपटमारी की वारदात में शामिल होना कबूल किया बल्कि यह भी बताया कि उसने अपने साथी अनीश मेमन के साथ मिलकर चिंगराजपारा में भी एक मकान से जेवर की चोरी की थी। उन्होंने कुछ जेवर रतनपुर निवासी सुनार पंकज सोनी को 30 हजार रुपए में बेचे और बाकी जेवर अनीश की मां शबाना बेगम के माध्यम से छ.ग. राज्य ग्रामीण बैंक में गिरवी रखे।
इसी क्रम में पुलिस को 5 जून 2025 को चिंगराजपारा निवासी अनुपा साहू की ओर से दर्ज एक अन्य चोरी की रिपोर्ट से सुराग मिला, जिससे दोनों मामलों को आपस में जोड़ते हुए चोरी के जेवरों की बरामदगी हुई।
इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी अंकित साहू, अनीश मेमन, शबाना बेगम और सुनार पंकज सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सरकंडा पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से दो बड़े चोरी मामलों का पर्दाफाश हुआ है, साथ ही आम नागरिकों के बीच भरोसे का माहौल भी बना है।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
