सड़क नहीं पार्किंग है क्या? बिलासपुर में सेकंड हैंड बाइक शोरूम बने ट्रैफिक जाम की वजह

बिलासपुर में ट्रैफिक जाम का नया कारण: सड़कों पर खड़ी सेकंड हैंड बाइकें, पुलिस सख्ती के मूड में



बिलासपुर — शहर की ट्रैफिक समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है और इसका एक अहम कारण बन रहे हैं सेकंड हैंड बाइक बेचने वाले शोरूम। बिना किसी अनुमति के ये शोरूम संचालक दर्जनों बाइकें सड़कों के किनारे खड़ी कर देते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के व्यस्त इलाकों में स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि कई शोरूम संचालकों ने सड़क को ही अपनी निजी पार्किंग बना लिया है। इससे न केवल ट्रैफिक बाधित होता है बल्कि पैदल चलने वालों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार ऐसी लापरवाही की वजह से सड़क हादसे की स्थिति बन जाती है।

ट्रैफिक पुलिस की ओर से अब इस मामले में सख्ती दिखाने की तैयारी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) राम गोपाल करियारे ने बताया कि सभी शोरूम संचालकों को वाहनों को शोरूम के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि वे इसका पालन नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दुकानदार समय पर वाहनों का नामांतरण (ओनरशिप ट्रांसफर) नहीं करते, जिससे ट्रैफिक नियम उल्लंघन की स्थिति में पुराने मालिकों को चालान भरना पड़ता है। यह न केवल गैरकानूनी है बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों का भी उल्लंघन है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस की यह चेतावनी और सख्ती शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधार पाती है या यह समस्या और गहराती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *