दुर्ग: फार्महाउस में जुए की महफिल पर पुलिस की रेड, 15 जुआरी लाखों की नकदी के साथ गिरफ्तार

दुर्ग, 5 मई 2025: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुड़मुड़ा क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में जुए की महफिल पर अमलेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने फार्महाउस में छापेमारी करते हुए 15 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान जुए में लगाए गए ₹1,24,000 की नगदी भी बरामद की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अमलेश्वर निवासी मोरध्वज साहू फार्महाउस में अपने साथियों के साथ जुए का अड्डा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने अपनी टीम के साथ फार्महाउस की घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई में पकड़े गए अधिकांश आरोपी रायपुर निवासी बताए जा रहे हैं जो फार्महाउस में आकर जुआ खेल रहे थे।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया और सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस जुए के अड्डे का संबंध किसी बड़े गिरोह या नेटवर्क से है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
