जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 14 साल से फरार कुख्यात ठग अनिल उर्फ नीलू मल्होत्रा गिरफ्तार

जशपुर, 15 मई — जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2011 से ठगी के दो मामलों में फरार चल रहा कुख्यात ठग अनिल उर्फ नीलू मल्होत्रा (उम्र 50 वर्ष, निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है मामला?
साल 2011 में दो अलग-अलग प्रार्थियों कबीर प्रताप साहू (निवासी कसडेगा, जिला सिमडेगा, झारखंड) व खीरो सिंह (निवासी पतरापाली, थाना कांसाबेल, जशपुर) ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2009 में विष्णु गुप्ता नामक व्यक्ति ने जनपद पंचायत पत्थलगांव में छात्रावास सहायक की फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर दोनों से कुल 2.90 लाख रुपये की ठगी की थी। नौकरी के नाम पर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया था, जो बाद में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बागबहार में जॉइनिंग के समय नकली साबित हुआ।
जांच के दौरान विष्णु गुप्ता व उसके साथियों अनिल उर्फ नीलू मल्होत्रा, धरनीधर, रामसिंह, महेश टोप्पो, देवसाय व चंदा गुप्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, परंतु अनिल मल्होत्रा तब से फरार था।
ऑपरेशन ‘अंकुश’ के तहत गिरफ्तारी
जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुराने मामलों में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी निगरानी व मुखबिर की सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी अनिल चांपा (जिला जांजगीर-चांपा) में छिपा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर जांजगीर-चांपा भेजा गया।


एसएसपी जांजगीर-चांपा श्री विवेक शुक्ला के सहयोग से स्थानीय पुलिस की मदद लेकर आरोपी को मारुति बिहार, चांपा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक श्री विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक परमजीत सिंह, आरक्षक पदुम वर्मा व आशीषन प्रभात टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस लगातार फरार अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। अनिल मल्होत्रा जैसे शातिर अपराधी जो लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे, अब कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन अंकुश की बड़ी सफलता है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: अनिल उर्फ नीलू मल्होत्रा
उम्र: 50 वर्ष
निवासी: चांपा, जिला जांजगीर-चांपा



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
