सुपेला अस्पताल में लापरवाही: मरीज को चढ़ाई तीन महीने पुरानी एक्सपायरी डिप, हालत बिगड़ी

छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग न्यूज़: सुपेला अस्पताल में चौंकाने वाली लापरवाही, मरीज को चढ़ाई गई तीन महीने पुरानी दवा, हालत बिगड़ी



भिलाई, सुपेला — छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला में एक बार फिर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती एक मरीज को नर्स द्वारा तीन महीने पहले एक्सपायर हो चुकी डेक्सट्रोज (ग्लूकोज) की डिप चढ़ा दी गई, जिससे उसकी तबीयत और बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार, छावनी निवासी दीपक कुमार रविवार रात अपने रिश्तेदार से मिलने आया था। तभी अचानक चक्कर आने और हाथ-पैर में दर्द की शिकायत के बाद उसे सुपेला अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. मंजू राठौर ने मरीज को जनरल वार्ड में भर्ती कर डेक्सट्रोज चढ़ाने की सलाह दी।

रात की ड्यूटी में तैनात नर्स ने दवा काउंटर से डिप उठाकर मरीज को लगा दी। कुछ घंटों बाद दीपक के शरीर में तेज जलन शुरू हुई। जब उसने अपने जीजा अनिल सिंह को इस बारे में बताया, तो उन्होंने डिप की बोतल चेक की। जांच में पाया गया कि दवा तीन महीने पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी।

अनिल सिंह ने इस बात की शिकायत नर्स से की, लेकिन शुरुआत में वह मानने को तैयार नहीं हुई। जब अनिल ने एक्सपायरी डेट का वीडियो-फोटो दिखाया, तब नर्स ने गलती स्वीकार की। इस पर डॉ. मंजू राठौर ने लापरवाही भरे अंदाज में कहा, “मरीज मरा तो नहीं न, ऐसी गलतियां हो जाती हैं, उसका इलाज चल रहा है।”


जिस डिप का इस्तेमाल हुआ, उसका बैच नंबर 1221910 है। यह दवा मार्च 2022 में बनी थी और फरवरी 2025 में एक्सपायर होनी थी। इसके बावजूद, संदेह है कि खराब स्थिति या स्टोरेज की लापरवाही से यह दवा पहले ही अनुपयोगी हो चुकी थी, या फिर गलत लेबलिंग की गई हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी (DMO) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीयाम सिंह ने कहा कि तीन लेयर जांच के बाद ही दवा स्टोर तक पहुंचती है, फिर भी यह लापरवाही कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

अब सवाल उठता है कि—

अस्पताल में एक्सपायरी दवा कैसे पहुंची?

स्टाफ बिना जांच किए दवा कैसे चढ़ा देता है?

और क्या इस तरह की लापरवाहियां पहले भी होती रही हैं?


जनता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *