ब्रेकिंग न्यूज़: 25 साल से सक्रिय 13 लाख के इनामी नक्सली दंपत्ति ने किया आत्मसमर्पण

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले 25 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय रहे इनामी नक्सली दंपत्ति ने आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली जीवन ऊर्फ राम तुलावी और उसकी पत्नी अगासा ऊर्फ आरती कोर्राम पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य और मोहला-मानपुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे माओवादी उन्मूलन अभियान और छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर दोनों ने आत्मसमर्पण किया।


पुलिस के अनुसार, नक्सली जीवन मोहला थाना क्षेत्र के परवीडीह गांव का निवासी है और अगासा ग्राम तेलीटोला की निवासी है। जीवन माड़ क्षेत्र में नक्सलियों के स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्य करता था और गांव-गांव जाकर युवाओं को नक्सली विचारधारा से जोड़ने का काम करता था। वहीं अगासा नक्सलियों के चेतना नाट्य मंच की अध्यक्ष थी, जो संगठन के प्रचार-प्रसार का कार्य करती थी।
आत्मसमर्पण के बाद सरकार द्वारा दोनों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह आत्मसमर्पण जिला पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
