कुत्ता खरीदने के लिए मां से मांगे पैसे, इंकार पर हथौड़े से हत्या – रायपुर में सनसनीखेज वारदात

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उरला थाना क्षेत्र के नागेश्वर नगर में एक युवक ने महज 200 रुपए के लिए अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप देवांगन (45), जो ई-रिक्शा चालक है, शुक्रवार सुबह अपनी मां गणेशी देवांगन (70) से 200 रुपए मांग रहा था। प्रदीप घर में एक जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता लाना चाहता था और उसके पास पहले से ही 600 रुपए थे। मां के पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और गुस्से में आकर पास में रखे हथौड़े से अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

मां को बचाने आई पत्नी पर भी हमला
वारदात के दौरान जब प्रदीप की पत्नी रामेश्वरी देवांगन (35) बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बेटे ने दिखाई बहादुरी
घटना के वक्त आरोपी का 15 वर्षीय बेटा भी मौके पर मौजूद था। उसने साहस दिखाते हुए हथौड़ा छीन लिया और दौड़कर पड़ोसियों को सूचना दी। जब तक लोग पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
मां की मौत, पत्नी अस्पताल में
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गणेशी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामेश्वरी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही है तलाश
उरला थाना प्रभारी बीएल चंद्राकर और एएसपी लखन पटले के अनुसार, आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग स्तब्ध हैं कि एक बेटे ने महज 200 रुपए के लिए अपनी मां की जान ले ली।





छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
