बिलासपुर: वर्दी में सड़क पर लोटा नशे में धुत पुलिस आरक्षक, वीडियो वायरल – विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

वर्दी की मर्यादा को किया शर्मसार: बिलासपुर में शराब के नशे में धुत पुलिस आरक्षक का वीडियो वायरल



बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर से पुलिस विभाग की साख को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक वर्दीधारी पुलिस आरक्षक शराब के नशे में धुत होकर सड़क पर लोटता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना शहर के कोटा रोड स्थित सीवी रमन यूनिवर्सिटी के पास की बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में आरक्षक सड़क पर गिरा हुआ नजर आ रहा है, जो कभी उठने की नाकाम कोशिश करता है तो कभी बेसुध पड़ा रहता है। पास में खड़े स्थानीय लोग उसे उठाने की कोशिश करते हैं, जबकि वीडियो बनाने वाला युवक उसे समझाते हुए कहता है, “तुम वर्दी की इज्जत को मिट्टी में मत मिलाओ।” लेकिन नशे में चूर आरक्षक इतनी भी स्थिति में नहीं था कि वह बैठ भी सके।


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहा यह वर्दीधारी कोई और नहीं, बल्कि पुलिस लाइन में पदस्थ विश्वकर्मा मांजरे है, जो पिछले एक साल से ड्यूटी से नदारद बताया जा रहा है। रक्षित केंद्र के अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि आरक्षक मांजरे एक वर्ष से अनुपस्थित है और इसकी जानकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी जा चुकी है।

अब सवाल यह उठता है कि जब आरक्षक एक साल से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था, तो उसके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही का अभाव है? यह घटना न सिर्फ एक पुलिसकर्मी की व्यक्तिगत लापरवाही का मामला है, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा करती है।

फिलहाल, इस घटना ने आमजन के बीच पुलिस की छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है। लोगों में गुस्सा है और सोशल मीडिया पर भी पुलिस विभाग की आलोचना हो रही है। अब देखना होगा कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन इस पर क्या सख्त कदम उठाता है और वर्दी की गरिमा की रक्षा के लिए क्या संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *