भिलाई में लिफ्ट हादसे में युवक की मौत, 4 महीने में दूसरी घटना
परिजनों ने प्रबंधन पर उठाए सवाल
भिलाई (दुर्ग)। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित चौहान स्टेट (व्यवसायिक परिसर) में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह 5 बजे तीसरी मंजिल पर लिफ्ट का दरवाजा खुला था, लेकिन लिफ्ट नीचे थी। इसी दौरान 40 वर्षीय राजा बांदे लिफ्ट में प्रवेश कर गया और खाली शाफ्ट में गिर पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रस्सी के सहारे युवक को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय राजा ने आंखें खोली थीं और करीब एक घंटे तक वह जीवित था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि चौहान स्टेट में यह चार महीने में दूसरी लिफ्ट से जुड़ी मौत है। इससे पहले भी एक नारियल पानी बेचने वाले की लिफ्ट शाफ्ट में गिरने से जान चली गई थी।
मृतक के परिजनों ने लिफ्ट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब लिफ्ट मौजूद नहीं थी, तो दरवाजा खुला कैसे रह गया।
स्थानीय लोगों ने इस बार सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.

