बिलासपुर के कानन पेंडारी जू में श्वेत बाघ ‘आकाश’ की मौत, हार्ट अटैक बना वजह

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्राणी उद्यानों में शुमार बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी जू से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां के इकलौते नर श्वेत बाघ ‘आकाश’ की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब जू कीपर पिंजड़े की सफाई करने पहुंचा और पानी डाला, तो उसने देखा कि आकाश किसी भी प्रकार की हलचल नहीं कर रहा था। शक होने पर इसकी जानकारी तत्काल अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही कानन के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. पीके चंदन मौके पर पहुंचे और जांच के बाद बाघ को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद श्वेत बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम के बाद चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा विधिवत रूप से उसका अंतिम संस्कार किया गया।
श्वेत बाघ ‘आकाश’ कानन पेंडारी जू का मुख्य आकर्षण था और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने आया करते थे। उसकी असमय मौत से वन्यजीव प्रेमियों और जू स्टाफ में शोक की लहर है। प्रबंधन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आकाश की कमी को लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

l


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
