आईजी डॉ. संजीव शुक्ला का जीपीएम जिला पुलिस पर औचक निरीक्षण, 32 बिंदुओं पर की विस्तृत समीक्षा

आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने किया जीपीएम जिला पुलिस का औचक निरीक्षण, 32 बिंदुओं पर की समीक्षा



गौरेला (जीपीएम),बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. संजीव शुक्ला ने जिला जीपीएम का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। एसपी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें परंपरागत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके पश्चात उन्होंने अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पुलिस कल्याण, अनुशासन समेत कुल 32 अहम बिंदुओं पर जिला पुलिस के कार्यों की समीक्षा की।

इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित विभिन्न शाखा प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में आईजी डॉ. शुक्ला ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री सुरजन राम भगत को राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय की अपेक्षाओं सेH अवगत कराते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


प्रमुख निर्देशों में शामिल रहे:

नियमित परेड के जरिए अनुशासन को सशक्त बनाना।

नवीन कानूनों पर कैप्सूल कोर्स के जरिए पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण।

अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु 60 एवं 90 दिवस के भीतर जांच पूर्ण करने पर जोर।

ई-साक्ष्य और ऑनलाइन पेशी जैसी डिजिटल विधाओं के अधिकतम उपयोग पर बल।

विवेचकों की साप्ताहिक केस डायरी की सुपरविजन सुनिश्चित करना।

बीट प्रणाली का विस्तार एवं विकेंद्रीकरण करते हुए हर पुलिस अधिकारी की स्पष्ट जिम्मेदारी तय करना।



आईजी ने साइबर सेल और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की समीक्षा करते हुए उनके कार्यों में और अधिक दक्षता लाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने पुलिस विभाग से जुड़ी जनशिकायतों, सुशासन तिहार में प्राप्त प्रकरणों और पुलिस के विरुद्ध शिकायतों का समयबद्ध और वैधानिक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इसके अतिरिक्त, डॉ. शुक्ला ने पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम, संसाधनों की उपलब्धता और पुलिस कल्याण के विषयों पर चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तय की। इस दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय में पहुंचे फरियादियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी और त्वरित वैधानिक कार्यवाही के निर्देश जिला पुलिस को दिए।

यह निरीक्षण जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *