बिलासपुर में साधु के वेश में गांजा तस्करी, बुजुर्ग महिला साथी समेत गिरफ्तार

बिलासपुर: साधु के वेश में गांजा बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार



बिलासपुर। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए साधु के वेश में गांजा बेच रहे एक बुजुर्ग और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में दो और आरोपियों को पकड़ा गया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

साधु के भेष में कर रहा था तस्करी
सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को सूचना मिली थी कि कबीरधाम जिले के कुंडा से एक व्यक्ति साधु का भेष धरकर बिलासपुर में गांजा बेचने का धंधा कर रहा है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और जांच शुरू की। जानकारी पुख्ता होने पर पुलिस ने चोरभट्ठी इलाके में रहने वाले 70 वर्षीय ईश्वर बरेठ और उसकी 46 वर्षीय महिला साथी कांति पांडेय को दबिश देकर पकड़ा।

तलाशी में उनके घर से कुछ नहीं मिला, लेकिन बाड़ी की जांच करने पर एक नीले रंग के ड्रम में छिपाकर रखा गया 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 17,700 रुपये है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में सरकंडा थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मोपका में दबिश देकर जीतन बाई वर्मा और महेंद्र उर्फ बंडिया को गिरफ्तार किया। उनके घर की सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखे गए 1.960 किलोग्राम गांजा को बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह गांजा ग्राम मटियारी के कृष्ण उर्फ हल्की शिकारी पवार से खरीदते हैं।


पुलिस ने सप्लायर के संबंध में जानकारी जुटाई और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। कृष्ण पवार पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।

पुलिस की सक्रियता से टूटा गिरोह का नेटवर्क
इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि गांजा तस्करी का नेटवर्क अब ग्रामीण क्षेत्रों से शहर तक फैल चुका है, और तस्कर पहचान छिपाने के लिए साधु का वेश तक अपना रहे हैं। बिलासपुर पुलिस ने अब तक की जांच में एंड-टू-एंड नेटवर्क को ट्रैक करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन के खिलाफ पुलिस को सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *