बिलासपुर: नशे में धुत कार चालक ने 4 लोगों को रौंदा, 1 की मौत, 3 गंभीर घायल – आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित दर्रीघाट में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नशे में धुत एक तेज़ रफ्तार कार चालक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में चार लोग चपेट में आ गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त कार बेकाबू हालत में थी और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। घटना के बाद आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।


सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें बीयर और शराब की कई बोतलें भी बरामद हुईं। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ कर रही है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
