सरकारी शराब दुकान में कर्मचारियों की गुंडागर्दी चरम पर, ग्राहक की बेरहमी से पिटाई – मीडियाकर्मी का मोबाइल भी छीना

बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी इलाके में स्थित एक सरकारी शराब दुकान से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कर्मचारियों की दबंगई औoर मनमानी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। आबकारी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और अनदेखी का फायदा उठाकर शराब दुकान में तैनात कर्मचारी न सिर्फ ओवररेट में शराब बेच रहे हैं, बल्कि किसी भी शिकायत पर हिंसक रवैया अपनाने से भी नहीं चूकते।
ताजा घटना में एक ग्राहक से हुए मामूली विवाद ने विकराल रूप ले लिया। शराब दुकान के कर्मचारियों ने ग्राहक की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कर्मचारी बीयर की बोतल से ग्राहक पर हमला करता है, वहीं बाकी कर्मचारी लात-घूंसों से उसकी पिटाई करते हैं। इतने पर भी उनका गुस्सा नहीं थमा और उन्होंने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
घटना के दौरान जब वहां से गुजर रहे एक मीडियाकर्मी ने अपने मोबाइल से इस गुंडागर्दी की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की, तो कर्मचारियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसे धमकाया।
इस घटना ने सरकारी दुकानों में व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता और मीडिया की सुरक्षा पर खतरे की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


प्रशासन कब जागेगा?
यह कोई पहली घटना नहीं है जब सरकारी शराब दुकानों में इस तरह की अराजकता देखने को मिली हो। आबकारी विभाग की निष्क्रियता और जांच के अभाव में ऐसे कर्मचारी निरंकुश होते जा रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में हालात और बिगड़ सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों की मांग:
शराब दुकान के कर्मचारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
वीडियो में दिख रहे दोषियों की तत्काल पहचान कर गिरफ़्तारी हो।
मीडियाकर्मी से छीने गए मोबाइल की बरामदगी और सुरक्षा की गारंटी।
शराब दुकानों में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
आबकारी विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल है। देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
