छत्तीसगढ़ होमगार्ड विभाग में 2215 पदों पर भर्ती हेतु लिखित परीक्षा 22 जून को, 30 मई तक करना होगा पंजीयन

महासमुंद, 14 मई 2025 – छत्तीसगढ़ होमगार्ड विभाग ने महिला नगर सैनिक (छात्रावास ड्यूटी) के 1715 पदों और नगर सैनिक (जनरल ड्यूटी) के 500 पदों सहित कुल 2215 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। वर्ष 2024 में आयोजित शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा के उपरांत 20,137 पात्र अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के लिए किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों की सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://firenoc.cg.gov.in पर प्रकाशित कर दी गई है। लिखित परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यापम की वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर एप्लीकेशन आईडी और जन्मतिथि के माध्यम से पंजीयन करना अनिवार्य होगा।


पंजीयन की अंतिम तिथि 30 मई 2025 शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है। इस समय सीमा के बाद पंजीयन करने वाले अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो पाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। इस संबंध में कोई भी पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रवेश पत्र 13 जून 2025 (शुक्रवार) को जारी किए जाएंगे और लिखित परीक्षा 22 जून 2025 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जमा किए गए ऑनलाइन आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं होगा।
महत्वपूर्ण तिथियाँ:
पंजीयन की अंतिम तिथि: 30 मई 2025, शाम 5:00 बजे
प्रवेश पत्र जारी होने की तिथि: 13 जून 2025
लिखित परीक्षा की तिथि: 22 जून 2025 (रविवार)
अभ्यर्थियों को समय रहते पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण करने और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
