प्रयागराज महाकुंभ जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, क्लीनर की मौत, 20 श्रद्धालु घायल

रायपुर/प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ के दर्शन के लिए रायपुर से निकली श्रद्धालुओं से भरी महेंद्र ट्रेवल्स की बस मध्य प्रदेश सीमा में हादसे का शिकार हो गई। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे रवाना हुई यह बस बुधवार सुबह जैसे ही मध्य प्रदेश की सीमा में दाखिल हुई, सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से टकरा गई।

इस दर्दनाक हादसे में बस के क्लीनर संतोष गुप्ता (निवासी सुपेला, रमनभाटा, भिलाई) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को अनूपपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे का शिकार हुए यात्रियों में सुकमा (छत्तीसगढ़) और विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) के श्रद्धालु अधिक हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एडिशनल एसपी ओम चंदेल, पेंड्रारोड एसडीएम अमित बैक, एसडीओपी श्याम सिदार और अनूपपुर (मध्य प्रदेश) के पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही और ट्रेलर के सड़क किनारे खड़े होने को बताया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
