अंतरराज्यीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़, 6 तस्कर गिरफ्तार: बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता

बिलासपुर। नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिविल लाइन, रतनपुर थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जो ड्रग्स की तस्करी को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दे रहे थे। ये लोग ट्रेन और कार के माध्यम से मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे।
खुफिया सूचना और सख्त निगरानी से मिली सफलता
पुलिस को अपने खुफिया तंत्र से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम गठित कर संदिग्धों पर निगरानी रखी गई। सही समय पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार सभी आरोपियों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस की तत्परता पर शहरवासियों ने जताया भरोसा
इस सफल ऑपरेशन के बाद बिलासपुर पुलिस की सक्रियता और तत्परता एक बार फिर सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुलिस की सराहना की है।
नशे के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
