बिलासपुर: 15 वर्षीय किशोरी की सांप के काटने से मौत, सिम्स अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

CHHATTISGARH SAMACHAR: सांप के काटने से 15 साल की लड़की की दर्दनाक मौत



बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुरदेवा से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। गांव की 15 वर्षीय किशोरी नंदिनी पटेल की सांप के काटने से मौत हो गई।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात नंदिनी रात का खाना खाकर अपने बिस्तर पर सो रही थी। करीब 1:30 बजे रात को बिस्तर में अचानक एक सांप आ गया और उसने नंदिनी के पैर के नीचे डस लिया। सांप के डसते ही नंदिनी की नींद खुल गई और वह चीखने लगी। शोर सुनकर उसकी मां और पिता जगराम पटेल भी जाग गए। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक सांप टेबल के नीचे जाकर छिप गया।


परिजन तुरंत नंदिनी को लेकर अस्पताल जाने की तैयारी में जुट गए, लेकिन गाड़ी की व्यवस्था करने और इलाज तक पहुंचने में समय लग गया। रास्ते में ही जहर का असर तेज हो गया और नंदिनी बेहोश हो गई। परिवार वाले किसी तरह उसे लेकर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने नंदिनी को मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि नंदिनी के परिजनों को मुआवजा और सहायता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *