बिलासपुर: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, सात वाहन राजसात, कई पर कार्रवाई

बिलासपुर। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के सख्त निर्देश के बाद खनिज विभाग ने जिले में अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल सात वाहनों को राजसात किया है, जिनमें 2 ट्रेलर, 2 हाइवा, एक जेसीबी और अन्य वाहन शामिल हैं।
मामले की जानकारी देते हुए खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने बताया कि खपरी और कोहरौदा क्षेत्र में शिवनाथ नदी से रेत के अवैध उत्खनन की सूचना पर दबिश दी गई। इस दौरान दो ट्रैक्टर रेत परिवहन करते पकड़े गए, जिन्हें बिल्हा थाना के सुपुर्द किया गया है।


इसके अलावा खम्हरिया-पेंडरी क्षेत्र में शासकीय तालाब से बिना अनुमति खनिज मिट्टी निकालते हुए एक जेसीबी और दो हाइवा वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, गतौरी क्षेत्र में कोयले का अवैध भण्डारण करते हुए एक लोडर मशीन और दो ट्रेलर पकड़े गए, जिनमें से एक ट्रेलर को रतनपुर थाने के हवाले किया गया है।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन और भण्डारण मालिकों को नोटिस जारी कर तलब किया है। माइनिंग अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर चालानी कार्रवाई पूरी नहीं की गई, तो दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामला कोर्ट में भेजा जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और भण्डारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
