रायपुर में लूट की वारदात का खुलासा, आरोपी ज्वाला बैरागी गिरफ्तार

रायपुर: नंदनवन रोड पर महिला से लूट, आरोपी ज्वाला बैरागी गिरफ्तार, 3.5 लाख के जेवर व बाइक जब्त



रायपुर, 8 मई 2025: राजधानी रायपुर के थाना आमानाका क्षेत्र अंतर्गत नंदनवन रोड पर एक महिला से लूटपाट की घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला 27 अप्रैल 2025 की सुबह गुरुद्वारा से लौट रही थी। इसी दौरान जीवन ज्योति अस्पताल के पास एक अज्ञात युवक एक्टिवा स्कूटर पर आया और महिला से कहा कि वह उसे घर छोड़ देगा। महिला झांसे में आ गई और स्कूटर पर सवार हो गई। आरोपी महिला को घर छोड़ने के बजाय सुनसान जगह ले गया और उसे नीचे गिराकर सोने के कंगन, कान की बालियां और नकदी लूटकर फरार हो गया।


इस घटना की रिपोर्ट दुर्गा दास लालवानी ने थाना आमानाका में दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 132/25 धारा 309(6) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम व साइबर यूनिट तथा आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने विधानसभा निवासी ज्वाला बैरागी (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से लूटा गया सोने का कंगन, झुमके और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *