पामगढ़ धरदेई में धान से भरी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

पामगढ़ (जांजगीर-चांपा)।
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से भरी ट्रक ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामकुमार साहू (पिता सुकालू राम साहू), उम्र 52 वर्ष, निवासी खोरसी गांव के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर 12 से 1 बजे के बीच घटी, जब शिवरीनारायण की ओर से धान लेकर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक पामगढ़ की दिशा में जा रही थी। धरदेई गांव के मुख्य मार्ग पर बाइक सवार रामकुमार साहू ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण और पामगढ़ पुलिस बल भारी संख्या में मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है।

ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देने की कोशिश जारी है ताकि जल्द ही चक्काजाम समाप्त कराया जा सके।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
