पटाखे जैसी आवाज बनी कार्रवाई की वजह, मोडिफाइड बुलेट्स पर पुलिस का सख्त प्रहार

बिलासपुर।
जिले में सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बिना नंबर प्लेट और मोडिफाइड सायलेंसर के नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे युवकों पर लगाम कसते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बुलेट मोटरसाइकिलों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान एकसाथ शुरू किया गया। पुलिस टीमों ने सघन वाहन जांच के दौरान उन बुलेट मोटरसाइकिलों को विशेष रूप से चिन्हित किया, जिनमें अवैध रूप से मोडिफाइड सायलेंसर लगाए गए थे और जो बिना नंबर प्लेट सार्वजनिक सड़कों पर दौड़ रही थीं।
जांच में सामने आया कि कई युवक जानबूझकर बुलेट मोटरसाइकिलों में ऐसे सायलेंसर लगवा रहे थे, जिनसे अत्यधिक तेज और धमाके जैसी आवाज निकलती है। इससे आम राहगीरों के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और अस्पतालों के आसपास रहने वाले मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार मिल रही जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पूरे जिले में एकसाथ सख्त कार्रवाई की। अभियान के तहत कई बुलेट मोटरसाइकिलों के चालान काटे गए, वहीं कुछ वाहनों को जब्त कर नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।






छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.