22 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागा बंदी, 6 घंटे के भीतर हुऐ हवालात के दर्शन

22 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हुआ बंदी, 6 घंटे में फिर धराया — सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना



बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से रविवार को एक बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया, जब विचाराधीन बंदी राजा गोंड 22 फीट ऊंची जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना शाम 5 बजे के करीब घटी, और यह पूरी वारदात जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

राजा गोंड मस्तूरी थाना क्षेत्र के एक चोरी के मामले में 3 मई को जेल लाया गया था। रविवार को जेल के अस्पताल वार्ड में रखा गया था, जहां से उसने मौका पाकर अस्पताल की दीवार फांद ली और मुख्य परिसर में पहुंचकर वहां से बाहर निकल गया।

वॉल गार्ड रोशन साहू ने उसे छलांग लगाते देखा और तुरंत सायरन बजाकर अन्य सुरक्षा प्रहरियों को सूचित किया, लेकिन तब तक वह जेल की परिधि पार कर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना, कंट्रोल रूम सहित आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया गया।


भागने के बाद राजा गोंड अपने गांव बैमा (जिला: बिलासपुर) पहुंचा। वहां किसी परिचित ने उसे देखकर संदेह जताया और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे पकड़कर रात 11 बजे सेंट्रल जेल वापस पहुंचा दिया।

जेल प्रशासन को बड़ी राहत मिली, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और फरारी की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक कार्रवाई के संकेत मिले हैं और रिपोर्ट के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *