प्रेमिका की चरित्र पर शक में प्रेमी ने पिलाया एसिड और शराब, गला घोंटकर की हत्या – आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ब्रेकिंग न्यूज़: प्रेमी ने पिलाया एसिड और शराब, महिला की हत्या कर हुई गिरफ्तारी



रायपुर, 31 मई 2025। राजधानी में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी ने अपनी महिला साथी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी रमेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है।

13 फरवरी 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 12, मकान नंबर 32 के दरवाजे बाहर से बंद हैं और अंदर से दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर देखा तो एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। मृतका की पहचान गीता यादव के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को एम्स रायपुर में पीएम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला से मिली रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मृतका की हत्या अत्यधिक शराब पिलाने और एसिड (फिनायल) देने के बाद गला घोंटकर की गई थी।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गीता यादव और रमेश गुप्ता के बीच प्रेम संबंध था और दोनों बीएसयूपी कॉलोनी में साथ रहते थे। 12 फरवरी को दोनों ने एक साथ शराब पी, इसी दौरान चरित्र को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी रमेश ने गीता को अधिक मात्रा में शराब और एसिड पिलाया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस ने मामला अपराध क्रमांक 221/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत दर्ज किया। आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर लगाए गए। 30 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रमेश गुप्ता भाटा गांव के बस स्टैंड पर देखा गया है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य एकत्र कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह घटना एक बार फिर रिश्तों में आई दरार और नशे के दुष्परिणाम को उजागर करती है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *