सिरगिट्टी में खौफनाक हत्या: नशे के झगड़े में भिक्षुक की पत्थर से कुचलकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 20 मई 2025। शहर के सिरगिट्टी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक खौफनाक वारदात ने इलाके को दहला दिया। मुक्तिधाम के पास रहने वाले शिवा नायक (42) की लाश खून से सनी हालत में उसकी झोपड़ी के पास पाई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह हत्या नशे को लेकर हुए विवाद में की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक शिवा नायक मूल रूप से भिक्षावृत्ति करता था और नशे का आदी था। उसने अपने परिवार से संबंध तोड़ लिए थे और मुक्तिधाम के पास एक झोपड़ी में अकेला रह रहा था। उसकी संगत अक्सर नशे के आदी व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से होती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे का सामान भी बेचता था और उसी से अपना जीवन यापन करता था।
सोमवार सुबह जब शिवा की लाश खून से लथपथ हालत में मिली, तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की नजर कंडक्टर फुलवा और उसके साथी सोनू पर गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को नया बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया। शुरू में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में सच उगल दिया। आरोपियों ने बताया कि वे रविवार रात शिवा के पास नशा करने पहुंचे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। गुस्से में आकर उन्होंने पास पड़े पत्थर से शिवा के सिर पर वार कर दिया और उसे मृत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।


घटना के बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बन्नाक चौक समेत कई इलाकों में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती है। यह क्षेत्र अपराधियों और नशेड़ियों का गढ़ बनता जा रहा है। नागरिकों ने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
यह वारदात सिर्फ हत्या का मामला नहीं, बल्कि समाज में फैल रहे नशे, उपेक्षा और असंवेदनशीलता की गंभीर तस्वीर पेश करती है। शिवा नायक की जिंदगी और मौत यह बताने के लिए काफी है कि नशे की लत किस हद तक विनाशकारी हो सकती है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि क्या इस हत्या में और भी लोग शामिल थे। साथ ही, नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए छानबीन की जा रही है।
इस घटना ने बिलासपुर शहर को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है – क्या हमारे समाज में अब सुरक्षित जीना मुमकिन रह गया है?



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
