जांजगीर-चांपा में नए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने संभाली कमान, अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की ली सख्त बैठक

जांजगीर-चांपा: नवपदस्थ एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने संभाला कमान, अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की ली बैठक



जांजगीर-चांपा। जिले में हाल ही में पदस्थ किए गए नए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने कार्यभार संभालते ही जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। अपने पहले ही दिन उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिया कि अपराध और अव्यवस्था को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में उन्होंने बीते रात्रि 9 बजे जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस की जनोन्मुखी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।


एसपी पाण्डेय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर गश्त, सूचना तंत्र को मजबूत करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना होना चाहिए।

बैठक के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और पुलिसकर्मियों के व्यवहार में संवेदनशीलता लाने पर भी जोर दिया।

नए एसपी के तेवरों से स्पष्ट है कि जिले में अब अपराधियों की खैर नहीं होगी और आम जनता को एक मजबूत तथा भरोसेमंद पुलिस व्यवस्था का अनुभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *