पत्नी के मायके जाने से तनाव में था युवक, फांसी लगाकर दी जान — कोरबा जिले के उमरेली गांव की घटना

पत्नी के मायके जाने से तनाव में था युवक, फांसी लगाकर की आत्महत्या: कोरबा जिले के उमरेली गांव की घटना



कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरेली में एक युवक ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी कुछ समय पहले तीन बच्चों को लेकर मायके चली गई थी, जिससे वह बेहद परेशान और तनाव में था। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के माता-पिता दशगात्र कार्यक्रम से लौटे।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय जगन्नाथ यादव के रूप में हुई है, जो गांव का इकलौता पुत्र था। उसके पिता मिठाई लाल यादव ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ रायगढ़ जिले के खरसिया में एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 17 मई को लौटने के बाद उन्होंने जब बेटे को आवाज दी, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर जगन्नाथ का शव पंखे से लटका मिला।


मानसिक तनाव में था युवक
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ की शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए थे। कुछ समय पहले उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी, जिससे वह लगातार अवसाद में था। परिजनों के मुताबिक, वह किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था और अकेला रह रहा था।

पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने पर उरगा थाना प्रभारी अजय कुमार पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन 14 मई को गांव से बाहर गए थे और 17 मई को लौटे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *