भीषण गर्मी में लखनी देवी पहाड़ियों में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड के इंतज़ार में ग्रामीणों ने खुद बुझाई आग

रतनपुर, बिलासपुर | गर्मी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया जब रतनपुर स्थित प्रसिद्ध लखनी देवी मंदिर की पहाड़ियों में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग जंगल में फैल गई और रविवार तक पूरे पहाड़ी क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय न तो फायर ब्रिगेड पहुंची और न ही रतनपुर नगरपालिका के अधिकारी मदद के लिए उपलब्ध थे। कई बार फोन करने के बावजूद नगर पालिका के अधिकारी कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया।

ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना खुद ही आग बुझाने की कोशिश की। आग के तेजी से फैलने के कारण पहाड़ी के नीचे बसे गांवों में भी डर का माहौल बन गया। लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप किया, जिससे आग बस्तियों तक नहीं पहुंच पाई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी लखनी देवी पहाड़ियों में आग लगने की घटना हो चुकी है, जिसमें महामाया मंदिर ट्रस्ट के एक कर्मचारी की झुलसकर मौत हो गई थी। बावजूद इसके, स्थानीय प्रशासन ने फायर सेफ्टी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

आख़िरकार बिलासपुर और रतनपुर से फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए उचित और स्थायी व्यवस्था की जाए।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.

