मरवाही में महिला हत्या का खुलासा, आरोपी गुलाबचंद गिरफ्तार

दानीकुंडी बंसीताल में महिला की हत्या का मामला सुलझा, आरोपी गिरफ्तार



मरवाही : मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम बंसीताल में एक महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। आरोपी गुलाबचंद चौधरी उर्फ बुल्टा को त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला का शव आरोपी के ही घर के बाहर संदिग्ध परिस्थिति में पाया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, थाना मरवाही की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संघर्ष और शव को घसीटे जाने के निशान मिलने से स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या संघर्ष के बाद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गुलाबचंद ने घटना की रात महिला को अपने घर बुलाया था। दोनों ने साथ शराब पी, जिसके बाद उसने महिला से जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को छिपाने की कोशिश की, लेकिन सुबह होने पर शव को घर के बाहर छोड़कर वह फरार हो गया।


घटना के बाद आरोपी एमपी बॉर्डर की ओर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन साइबर सेल जीपीएम की टीम और थाना मरवाही की संयुक्त घेराबंदी में उसे एक बस से फरार होते समय गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस पूरे मामले के सफल खुलासे में डीएसपी दीपक मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी सनीप रात्रे, उप निरीक्षक श्याम लाल गढ़वाल, एएसआई कांति लाल वानी, चंदन सिंह, आरक्षक देवेंद्र सोनवानी और सनी कोशले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *