रेत घाट में चली गोली से युवक घायल, पिस्टल मिलने की कहानी पर पुलिस को शक

बिलासपुर, 07 मई 2025। कोटा थाना क्षेत्र के लमेर स्थित रेत घाट में मंगलवार रात गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे पैर में गोली लगी है। घायल युवक को रिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी एसआई राज सिंह ने बताया कि घायल की पहचान गिरजा शंकर उर्फ दीपक यादव के रूप में हुई है। दीपक ने पुलिस को बताया कि उसे जंगल में एक पिस्टल मिली थी, जिसे वह रेत घाट में देख रहा था। इसी दौरान पिस्टल अचानक चल गई और गोली उसके पैर में लग गई।
हालांकि दीपक की यह कहानी पुलिस को संदेहास्पद लग रही है। पूछताछ के दौरान वह गोलमोल जवाब दे रहा है, जिससे पुलिस को शक है कि मामला कुछ और भी हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या घटनास्थल पर कोई और व्यक्ति मौजूद था और कहीं यह घटना रेत के अवैध कारोबार या किसी रंजिश से तो नहीं जुड़ी है।


पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पृष्ठभूमि, मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि पिस्टल आखिर कहां से आई और क्या यह कोई सुनियोजित हमला तो नहीं था।
फिलहाल दीपक का इलाज जारी है और पुलिस उसके स्वस्थ होते ही विस्तृत बयान लेने की तैयारी में है। कोटा थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की सच्चाई जांच के बाद सामने लाई जाएगी और यदि मामला संदिग्ध पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
