जादू-टोना के शक में नाबालिग की हत्या: कांकेर के मरकाटोला गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

कांकेर ज़िले के लारगांव के मरकाटोला गांव में 3 मई को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जादू-टोना के शक में एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका की बेरहमी से कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। मृतिका का नाम मिनाक्षी मरकाम था।
घटना उस वक्त हुई जब उसके पिता ललता मरकाम अपनी पत्नी और बेटियों के साथ खेत से लौटे। घर के पूजा कक्ष के पास परछी में मिनाक्षी खून से लथपथ मिली, और उसके पास ही तुलसीराम निषाद नामक व्यक्ति कुल्हाड़ी लिए खड़ा था। आरोपी उनके घर में मजदूर के रूप में रह रहा था।
ललता के पूछने पर तुलसीराम ने बताया कि उसे मिनाक्षी पर जादू-टोना करने का शक था, इसीलिए उसने हमला किया। परिजन घायल बालिका को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन कर 24 घंटे के भीतर आरोपी तुलसीराम निषाद (उम्र 56 वर्ष, निवासी ढेकुना) को सिदेसर चौक से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हथियार, खून से सने कपड़े और सफाई में उपयोग किए गए अन्य सबूतों को जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलिसेला, एएसपी दिनेश सिन्हा और एसडीओपी मोहसिन खान के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।



छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
