AIIMS रायपुर के डॉक्टर ने की आत्महत्या, फ्लैट में फांसी के फंदे पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में कार्यरत एक डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 26 वर्षीय डॉ. ए रवि के रूप में हुई है, जो आंध्र प्रदेश के महबूब नगर, हैदराबाद का निवासी था। यह दुखद घटना अमानाका थाना क्षेत्र के हर्षित टॉवर, बी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 221 में हुई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. रवि शनिवार की रात अपने कमरे में अकेले थे। देर रात उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से फांसी लगा ली। जब काफी देर तक बाहर कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों ने सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फिलहाल पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है।
आजाद चौक सब डिवीजन के सीएसपी अमन झा ने बताया कि, “3 मई की दरमियानी रात डॉक्टर के आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों को सूचित कर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।”
डॉ. रवि की असामयिक मौत से AIIMS परिसर में शोक की लहर है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।





छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
