ग्राम कैथा में ACB की बड़ी कार्रवाई: पटवारी पवन सिंह ₹20,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

पटवारी पवन सिंह रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की सटीक कार्रवाई से मचा हड़कंप



सक्ती।
हसौद तहसील अंतर्गत ग्राम कैथा में आज 2 मई को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी पवन कुमार सिंह को किसान से ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस घटना से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कैथा निवासी किसान रामशरण कश्यप ने ACB कार्यालय, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर स्थित जमीन के बी-1 ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनके पिता का नाम दर्ज नहीं हो रहा था। इस त्रुटि को सुधारने के लिए रामशरण ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले में एसडीएम कार्यालय ने तहसीलदार को निर्देश दिए, जिसके बाद जिम्मेदारी पटवारी पवन सिंह को सौंपी गई।

जब रामशरण कश्यप ने इस संबंध में पटवारी से संपर्क किया, तो पवन सिंह ने रिकॉर्ड सुधारने के एवज में ₹20,000 की रिश्वत मांगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाते हुए रामशरण ने ACB से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। शिकायत के सत्यापन के पश्चात ACB टीम ने ट्रैप प्लान किया।

आज जैसे ही रामशरण ने तय स्थान पर पटवारी को रिश्वत की राशि सौंपी, ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पवन सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पटवारी पवन सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ACB की टीम अब इस मामले में अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में ACB की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे आम नागरिकों में विश्वास और भ्रष्टाचारियों में डर का माहौल बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *