बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन, 5 ढेर, 100 से ज्यादा IED बरामद

बीजापुर: सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन, पांच नक्सली ढेर, 100 से अधिक IED बरामद



बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया है। तेलंगाना सीमा से लगे उसूर थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में यह ऑपरेशन बीते 30 घंटे से लगातार जारी है। इस अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है, जहां उन्होंने पांच नक्सलियों को मार गिराया है।

जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन का केंद्र बिंदु करेगुट्टा पहाड़ को बनाया गया है, जो छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित है। इस क्षेत्र में माओवादियों के कई शीर्ष कमांडरों और कैडरों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों ने ड्रोन और सैटेलाइट की मदद से इलाके पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखी है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बड़ी संख्या में IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बिछाए गए हैं। अब तक 100 से अधिक IED बरामद किए जा चुके हैं, जो सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के इरादे से लगाए गए थे। फिलहाल बम निरोधक दस्ते द्वारा इलाके में बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने का कार्य जारी है।

इस बड़े ऑपरेशन में सीआरपीएफ, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा बटालियन और तेलंगाना की ग्रेहाउंड फोर्स शामिल हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र से सी-60 कमांडो भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सूत्रों की मानें तो यह ऑपरेशन आने वाले तीन दिनों तक जारी रह सकता है। सुरक्षाबलों की इस बड़ी कार्रवाई से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *