बिलासपुर पुलिस की गर्मी से राहत देने वाली पहल: दोपहर में बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल

बिलासपुर। पूरे छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक संवेदनशील और सराहनीय कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अब शहर के ट्रैफिक सिग्नल दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य है कि चिलचिलाती धूप में सिग्नल पर खड़े वाहन चालकों को राहत मिले।
यातायात व्यवस्था रहेगी नियंत्रित
इस विशेष व्यवस्था के तहत सिग्नल बंद रहने के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने जानकारी दी कि किसी भी परिस्थिति में यदि यातायात बाधित होता है, तो संबंधित चौक पर सिग्नल को तुरंत चालू कर दिया जाएगा।

ट्रैफिक जवानों को ‘छायानुमा छतरी’
बिलासपुर पुलिस ने ट्रैफिक ड्यूटी में लगे जवानों की भी चिंता की है। धूप में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष ‘छायानुमा छतरियां’ प्रदान की गई हैं, जिससे वे गर्मी में कुछ राहत महसूस कर सकें और पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभा सकें।

नागरिकों से सहयोग की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सिग्नल बंद होने की स्थिति में यातायात नियमों का पालन करें और धीमी गति से वाहन चलाते हुए सावधानीपूर्वक चौक-चौराहों को पार करें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
जनसहयोग से सफल होगी पहल
यह पहल आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है। गर्मी में सिग्नल पर रुकना जहां कठिन होता है, वहीं बिना अनुशासन के अव्यवस्था फैल सकती है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग और सजगता ही इस प्रयास को सफल बना सकती है।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.

