छत्तीसगढ़: भाजपा ने 10 नगर निगमों के महापौर उम्मीदवारों का किया ऐलान, बिलासपुर से पूजा विधानी मैदान में

रायपुर। भाजपा ने 26 जनवरी को 10 नगर निगमों के महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय ने इन नामों की घोषणा की। बिलासपुर से पूजा विधानी, कोरबा से संजू देवी राजपूत और चिरमिरी से राम नरेश राय को उम्मीदवार बनाया गया है।

47 नगर पालिका अध्यक्षों के उम्मीदवार भी घोषित
इसी दिन पार्टी ने 47 नगर पालिका अध्यक्षों के प्रत्याशियों की सूची भी जारी की। यह सूची प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने घोषित की। प्रमुख उम्मीदवारों में मुंगेली से शैलेश पाठक, पेंड्रा से रितेश फरमानिया, डोंगरगढ़ से रमन डोंगरे, बेमेतरा से विजय सिन्हा, बालोद से प्रतिमा चौधरी, सूरजपुर से देवंती साहू, जशपुर नगर से अरविंद भगत, कोंडागांव से नरपति पटेल और कांकेर से अरुण कौशिक शामिल हैं।

बिलासपुर से पूजा विधानी बनीं भाजपा की उम्मीदवार
बिलासपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा ने पूजा विधानी को उम्मीदवार बनाया है। वह भाजपा नेता और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी की पत्नी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूजा विधानी का असली नाम एल पदमजा है और वह तेलुगु समाज से आती हैं। अशोक विधानी से इंटरकास्ट मैरिज के बाद उन्हें पूजा विधानी के रूप में पहचाना गया।

राजनीतिक सफर और अनुभव
पूजा विधानी 1996 से भाजपा की सक्रिय सदस्य हैं। 1998 में पहली बार नगर निगम पार्षद निर्वाचित हुईं। इसके बाद उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश महामंत्री और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उनके पति अशोक विधानी 2004 से लगातार नगर निगम में पार्षद हैं। वे एमआईसी मेंबर और दो बार नगर निगम में सभापति रह चुके हैं। वर्तमान में वे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हैं।

महिला और ओबीसी उम्मीदवार के रूप में मिली प्राथमिकता
इस बार भाजपा ने बिलासपुर की ओबीसी सीट पर महिला उम्मीदवार के तौर पर पूजा विधानी के नाम पर सहमति बनाई। प्रत्याशी के चयन को लेकर बीते दिनों रायपुर में भाजपा संगठन और विधायकों के साथ दिनभर विचार-विमर्श हुआ। अंततः पार्टी ने पूजा विधानी पर भरोसा जताया।


छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
