जांजगीर-चांपा: पूर्व एल्डरमैन से ₹ 50,000 की लूट का खुलासा, दो फरार आरोपी गिरफ्तार, ₹ 4,500 बरामद
जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर को हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ग्राम कोसमंदा और कमरीद मुख्य मार्ग पर पूर्व एल्डरमैन केशव करियारे से ₹ 50,000 लूटने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों, कोमल कश्यप (24) और राहुल कुमार निर्मलकर (22), को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व एल्डरमैन केशव करियारे 15 दिसंबर को काम से चांपा के कोटाडबरी गए थे। काम निपटाकर शाम करीब 7:45 बजे वे घर लौट रहे थे। कमरीद गांव के मुख्य मार्ग पर नहर के पास रात 8:30 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोका, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट करते हुए आरोपियों ने बैग में रखे ₹ 50,000 लूट लिए और फरार हो गए।
पुलिस ने पहले आरोपी दीपक कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि लूट में उसके दो साथी कोमल कश्यप और राहुल कुमार भी शामिल थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को उनके गांव गौद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की बात कबूल की और बताया कि ₹ 45,500 खर्च कर दिए गए हैं। पुलिस ने ₹ 4,500 की बरामदगी की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सारागांव थाना पुलिस की तेज कार्रवाई से लूटकांड का पर्दाफाश हुआ। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन पुलिस ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया।





छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.
