रायगढ़ में पुलिस का सख्त संदेश: 09 अपराधियों का निकाला जुलूस, ‘रावण’ गैंग पर कसा शिकंजा

रायगढ़। शहर में बढ़ते अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। लूटपाट, मारपीट और गुंडागर्दी में लिप्त 09 आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। यह कार्रवाई बंटी साहू उर्फ ‘रावण’ और उसके गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। हालांकि, बंटी साहू और उसके दो साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
9 दिसंबर को सोशल मीडिया पर जूटमिल क्षेत्र के कुख्यात अपराधी बंटी साहू का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह एक व्यक्ति के साथ मारपीट करता नजर आया। इस घटना के बाद, कबीर चौक निवासी रोमेश साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि बंटी और उसके साथियों ने उनके घर में घुसकर उन्हें बंधक बनाकर मारा। पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए मामले की जांच शुरू की।
गुंडागर्दी का काला चिट्ठा
बंटी साहू पर कई थानों में मामले दर्ज हैं:
चक्रधरनगर मामला: 12 नवंबर को गन्ना पूजा के दिन बंटी और उसके साथियों ने मोहन बोहिदार से ₹2300 लूट लिए।
जूटमिल मामला: गणेश विसर्जन के दौरान सागर साहू के साथ लूटपाट और मारपीट की घटना।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने डीएसपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। संयुक्त टीम ने जूटमिल और चक्रधरनगर क्षेत्रों में दबिश देकर 09 अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेजा गया।
जूटमिल मामले में: आशीष यादव, अभिकांत यादव, मनोष सिदार, रमन यादव, श्याम यादव, बबलू साहू और राजू साहू।
चक्रधरनगर मामले में: राजा सारथी और संदीप सारथी।
फरार ‘रावण’ पर शिकंजा
पुलिस अब बंटी साहू और उसके फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
अपराधियों के लिए संदेश
अपराधियों के जुलूस और उठक-बैठक कराकर पुलिस ने शहर में सख्त संदेश दिया है कि रायगढ़ में गुंडागर्दी की कोई जगह नहीं है। अपराधियों को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी।





छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.