नौकरी के नाम पर 4.5 लाख की धोखाधड़ी, फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

शिवरीनारायण पुलिस ने नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी भरत केंवट (33 वर्ष) को झारखंड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कन्हैया लाल साहू (निवासी तुस्मा) ने 6 सितंबर 2023 को थाना शिवरीनारायण में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी भरत केंवट (निवासी मरकडा, थाना भुरकुंण्डा) ने खुद को एसईसीएल (SECL) झारखंड में अच्छी पहचान वाला व्यक्ति बताते हुए प्रार्थी को सहायक ग्रेड-3 के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने 6 लाख रुपये की मांग की।
प्रार्थी ने भरोसा कर भरत केंवट को अलग-अलग किश्तों में खाते और चेकबुक के जरिए 4.5 लाख रुपये दे दिए। जब नौकरी नहीं मिली और प्रार्थी ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 381/2023 के तहत धारा 420 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
भरत केंवट रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार था। विवेक शुक्ला, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में शिवरीनारायण पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। अति. पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी को झारखंड से पकड़ने में सफलता पाई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसके कब्जे से ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।






छत्तीसगढ़ समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9424647532.